152 Views

रसल की आतिशबाजी से जगमगाया ईडन, रिंकू के विजयी चौके से केकेआर जीता

कोलकाता ०९ मई। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने कप्तान नीतीश राणा (५१) के शानदार अर्द्धशतक के बाद आंद्रे रसल की ४२ रन की आतिशी पारी की बदौलत इंडियन प्रीमियर लीग के रोमांच से भरे मैच में पंजाब किंग्स को छह विकेट से मात दी। पंजाब ने शिखर धवन (५७) के अर्द्धशतक की मदद से केकेआर के सामने १८० रन का लक्ष्य रखा। केकेआर ने करो या मरो मुकाबले में यह लक्ष्य आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया।
धवन ने ४७ गेंद पर नौ चौकों और एक छक्के के साथ ५७ रन बनाकर पंजाब को अच्छी शुरुआत दी, जबकि शाहरुख खान और हरप्रीत बराड़ ने आखिरी १६ गेंदों पर ४० रन की साझेदारी करके पंजाब की पारी को विस्फोटक अंत दिया।
केकेआर के कप्तान नीतीश ने ३८ गेंद पर छह चौकों और एक छक्के के साथ ५१ रन बनाये, हालांकि उनका विकेट गिरने के बाद भी केकेआर लक्ष्य से काफी दूर थी। केकेआर को जब चार ओवर में ५१ रन चाहिये थे तब रसल ने रिंकु सिंह के साथ मिलकर ईडन गार्डन का पारा बढ़ा दिया। दोनों ने अगले तीन ओवरों में ४५ रन जोड़े, लेकिन केकेआर को जब दो गेंद पर दो रन की जरूरत थी तब रसल रनआउट हो गये। आखिरी गेंद पर दो रन बनाने की जिम्मेदारी रिंकु की थी और उन्होंने चौका जड़कर केकेआर को रोमांचक जीत दिला दी।
केकेआर इस जीत के बाद अंक तालिका में छलांग लगाकर पांचवें स्थान पर आ गयी है, जबकि पंजाब एक पायदान फिसलकर सातवें स्थान पर पहुंच गयी है। केकेआर और पंजाब सहित कुल पांच टीमें तालिका में १० अंकों के साथ हैं और प्लेऑफ की जंग रोमांचक होती जा रही है।

Scroll to Top