लास वेगास,०९ मई। बंदूक हिंसा से परेशान अमेरिका के लास वेगास के एक मीडिल स्कूल में फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी हुई है। अब तक संदिग्ध की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक, स्कूल में गोलीबारी ८ मई को दोपहर १२ बजकर ४० मिनट से पहले हुई थी और इस हादसे में कोई भी छात्र घायल नहीं हुआ है। फायरिंग के तुरंत बाद छात्रों के माता-पिता को सूचना दी गई जिसमें स्कूल के प्रिंसिपल ने कहा कि सभी छात्र क्लासरूम में सुरक्षित है। हालांकि, कैंपस के बाहर एक युवक को गोली लगी है। आपको बता दें कि यह मीडिल स्कूल लास वेगास स्ट्रिप के उत्तर-पूर्व में लगभग १५ मिनट की ड्राइव पर स्थित है।
फायरिंग में जिस व्यक्ति को गोली मारी गई उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हालांकि पुलिस ने इस बात की जानकारी नहीं दी है कि जिस व्यक्ति को गोली मारी गई वह स्कूल का कर्मचारी था या नहीं।



