267 Views
Heavy rain alert in 11 states, Char Dham Yatra halted after snowfall in Kedarnath-Badrinath

११ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, केदारनाथ-बद्रीनाथ में बर्फबारी के बाद चार धाम यात्रा रोकी

नई दिल्ली,०२ मई। भारत में राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर पश्चिम में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में मौसम ३ मई तक ऐसा ही रहेगा, उसके बाद ४ मई से बदलाव की संभावना है।
वहीं, उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बारिश एवं हिमपात के मद्देनजर प्रशासन ने चारधाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से पर्याप्त एहतियात बरतने तथा राज्य सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने केदारनाथ के दर्शन के लिए आ रहे तीर्थयात्रियों से अपील की कि वे सुरक्षा की दृष्टि से जहां हैं, वहीं रुके रहें। मौसम साफ होने के बाद ही यात्रियों को धाम भेजा जाएगा।
केदारनाथ धाम में इस समय लगातार बर्फबारी हो रही है और यात्रा को नियंत्रित किया जा रहा है। सोनप्रयाग से सुबह १०:३० बजे के बाद यात्रियों को केदारनाथ जाने की अनुमति नहीं है।
इससे पहले मौसम विभाग द्वारा २९ अप्रैल तक बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किए जाने की वजह से राज्य सरकार ने रविवार को केदारनाथ के लिए श्रद्धालुओं का पंजीकरण ३० तारीख तक के लिए बंद कर दिया था। जबकि ऋषिकेश, गौरीकुंड, गुप्तकाशी और सोनप्रयाग सहित कई जगहों पर यात्रियों को वहीं ठहरने को कहा था‌।

Scroll to Top