कराची,०२ मई। पाकिस्तान के दिवंगत प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो की पोती और सामाजिक कार्यकर्ता फातिमा भुट्टो ने अपने निकाह के बाद हिंदू मंदिर के दर्शन कर नई मिसाल कायम की। फातिमा के इस कदम से सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। कुछ लोगों ने उनकी तारीफ की तो कई लोगों ने पूछा कि वह वहां क्या करने गई थीं। ४० वर्षीया फातिमा पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत बेनजीर भुट्टो की भतीजी और मुर्तजा भुट्टो की बेटी हैं। शुक्रवार को यहां उनके दादा के पुस्तकालय में सादगी से उनका निकाह हुआ।
फातिमा और उनके पति ग्राहम जिब्रान ने रविवार को कराची में ऐतिहासिक महादेव मंदिर जाकर सोशल मीडिया पर हलचल पैदा कर दी। वह हिंदू सिंधियों के सम्मान में मंदिर पहुंचे थे। मीडिया में आईं खबरों के अनुसार, फातिमा के पति ग्राहम ईसाई हैं और अमेरिकी नागरिक हैं।
गौरतलब है कि भुट्टो परिवार पाकिस्तान की राजनीति में एक जबरदस्त ताकत बना हुआ है, लेकिन उनका इतिहास त्रासदियों से भरा रहा है।
