वॉशिंगटन,२१ मार्च। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने अपने समर्थकों से इसके ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने को कहा है। उन्होंने कहा- विरोध करो। हमारे देश का समर्थन करो। हालांकि, उन्होंने ये नहीं बताया कि आरोप क्या होंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, २०१६ में हुए राष्ट्रपति चुनाव से पहले ट्रंप का एक पोर्न स्टार के साथ अफेयर था। उन्होंने अफेयर को छिपाने के लिए उसे काफी पैसे दिए थे। न्यूयॉर्क में पिछले ५ साल से इस मामले की जांच चल रही है। माना जा रहा है कि इसी सिलसिले में उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।
यदि ट्रम्प को इस मामले में दोषी ठहराया जाता है तो ये किसी पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति के खिलाफ लाया गया पहला आपराधिक मामला होगा। गौरतलब है कि अब तक अमेरिका के किसी राष्ट्रपति ने आपराधिक आरोपों का सामना नहीं किया है।
डोनाल्ड ट्रम्प २०१७ से २०२१ तक अमेरिका के राष्ट्रपति थे। २०१६ में अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव हुए थे। इस दौरान ट्रम्प पर आरोप लगे कि उनका पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स के साथ अफेयर है और इस अफेयर को छुपाने के लिए डेनियल को पैसे दिए गए।
इतना ही नहीं डेनियल्स ने कहा था- ट्रम्प के पूर्व वकील माइकल कोहेन ने मुझे २०१६ में चुनाव से ठीक पहले चुप रहने के लिए १ लाख ३० हजार डॉलर (करीब १ करोड़ ७ लाख रुपए) दिए थे। हालांकि, ट्रम्प ने डेनियल्स के साथ सेक्शुअल रिलेशन्स के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि ये मामला राजनीति से प्रेरित है।
ट्रंप ने इन सभी मामलों में लगे आरोपों का खंडन किया है। ट्रंप २०२४ के राष्ट्रपति चुनाव में उतरने का एलान कर चुके हैँ। उनके समर्थकों का आरोप है कि इस एलान के बाद से ट्रंप के खिलाफ कानूनी कार्रवाइयां तेज कर दी गई हैं, ताकि उन्हें सियासी रास्ते से हटाया जा सके।
दूसरी ओर, मैनहटन स्थित डिस्ट्रिक्ट अटारनी एल्विन ब्रैग जूनियर ने ट्रंप के गिरफ्तारी की आशंका वाले बयान के बारे में कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है। लेकिन अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने एक रिपोर्ट में बताया है कि डिस्ट्रिक अटार्नी सहित न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के अधिकारियों की एक बैठक हुई है, जिसमें ट्रंप को दोषी ठहराए जाने की स्थिति में अपनाए जाने सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा हुई।
