मुंबई, १८ मार्च। यहां वानखेड़े में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एकदिवसीय मैच खेला गया। यह मैच टीम इंडिया ने पांच विकेट से जीत लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ३५.४ ओवर में १८८ रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने ३९.५ ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। केएल राहुल ने लय में वापसी की और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए ९१ गेंदों में ७५ रन की नाबाद पारी खेली। टीम इंडिया ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ११ साल बाद वनडे में जीत हासिल की है।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में १-० की बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया को वानखेड़े स्टेडियम में आखिरी जीत अक्टूबर २०११ में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी। इसके बाद टीम ने यहां ३ मुकाबले खेले, लेकिन तीनों में हार मिली। २०१५ में साउथ अफ्रीका ने २१४ रन, २०१७ में न्यूजीलैंड ने ६ विकेट और २०२० में ऑस्ट्रेलिया ने १० विकेट से हमें हराया। वर्ल्ड कप साल में वानखेड़े की यह जीत इसलिए भी यादगार है क्योंकि यहीं २ अप्रैल २०११ की रात भारत ने श्रीलंका को हराकर दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप जीता था।



