वाशिंगटन। अमेरिका ने अफगानिस्तान से सैनिकों को वापस बुलाने का फैसला लिया है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने सैनिकों को बुलाने के लिए एक मई की समयसीमा को बढ़ाने का फैसला किया है। तालिबान के साथ शांति वार्ता के बीच ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी सैनिकों के एक मई तक लौटने की बात कही थी। अब अमेरिका ने 9/11 की 20वीं बरसी के दिन को नई तारीख के रूप में चुना है। अमेरिका के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी कि बाइडन प्रशासन ने अब सैनिकों को अफगानिस्तान में रहने देने के लिए नई समयसीमा के रूप में 11 सितंबर के हमलों की 20वीं बरसी को तय किया है। अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं होने की शर्त पर बाइडन के इस फैसले की जानकारी दी। अफगानिस्तान में अभी करीब 2500 अमेरिकी सैनिक हैं। अमेरिकी सरकार में एक शीर्ष अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि बाइडेन ने कई हफ्तों पहले ही इस संबंध में संकेत देने शुरू कर दिए थे. उन्होंने कहा था कि वापसी की तय तारीख पीछे छूट रही है।



