टोरंटो,०२ जुलाई। मिसिसॉगा में शनिवार शाम हुई गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पील क्षेत्रीय पुलिस ने कहा कि यह घटना शनिवार शाम ६:३० बजे से कुछ देर पहले, डिक्सी रोड के पश्चिम में क्वींसवे ईस्ट पर एक कमर्शियल प्लाजा में एक प्रतिष्ठान के बाहर हुई।
गोलीबारी की सूचना मिलने पर जब अधिकारी और पैरामेडिक्स मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने तीन लोगों को गोली लगने से घायल पाया। उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
घटनास्थल पर पत्रकारों से बात करते हुए, ड्यूटी इंस्पेक्टर नागटेगल ने कहा कि पीड़ितों में से एक की हालत अभी भी खतरे में है जबकि दो अन्य की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि गोली लगने से घायल चौथा पीड़ित बाद में स्वयं स्थानीय अस्पताल पहुंचा।
पुलिस को घटनास्थल के पास से सीसीटीवी फुटेज बरामद हुए हैं जिनके अनुसार गोलीबारी में शामिल वाहन, एक सफेद २०२० डॉज राम १५०० पिकअप ट्रक, जिसकी लाइसेंस प्लेट बीडी८५९०९ है, क्षेत्र से भाग गया।
नागटेगल ने कहा कि वाहन को बाद में कैलेडोन में खाली स्थान पर पाया गया। हम उस वाहन की जांच के लिए अधिकारियों को भेज रहे हैं।
जहां तक संदिग्धों की संख्या का सवाल है तो पुलिस इसका पता नहीं लगा पाई है। कोई विवरण भी जारी नहीं किया गया है। नागटेगल ने बताया कि घटना के समय कई लोगों को इलाके से भागते देखा गया था।
उन्होंने कहा, “जांचकर्ताओं को भरोसा है कि यह एक लक्षित वारदात थी और जनता की सुरक्षा को लेकर कोई सामान्य खतरा नहीं है।”
पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी रखने वाले लोगों से संपर्क करने की अपील की है।
