यरुशलम,०६ अप्रैल। इज़रायली पुलिस ने बुधवार तड़के यरुशलम के पुराने इलाके में अल-अक्सा मस्जिद पर छापा मार कर ३५० से अधिक फलस्तीनियों को गिरफ्तार कर लिया और बाकी लोगों को वहां से हटा दिया। इजरायली पुलिस द्वारा की गई अचानक कार्रवाई में १२ लोग घायल हो गए। रमजान के महीने में की गई इस कार्रवाई से संयुक्त अरब अमीरात सहित विभिन्न मुस्लिम देश नाराज हो गए हैं।
यूएई ने इजरायल के अधिकारियों से आह्वान किया कि वे इस क्षेत्र में तनाव और अस्थिरता को बढ़ने से रोकें। इसके अलावा, यूएई ने पश्चिम एशिया में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सभी क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रयासों का समर्थन करने और खतरा पैदा करने वाली प्रथाओं को खत्म करने पर बल दिया।
पुलिस का कहना था कि छापेमारी मस्जिद में आंदोलनकारियों को घुसने से रोकने के लिए की गई। रमजान के चलते मस्जिद परिसर में काफी भीड़ थी। पुलिस ने कहा कि मस्जिद में उनके ऊपर पथराव किया गया।
यरुशलम की अल-अक्सा मस्जिद पर इजरायली पुलिस के छापे के बाद तनाव की स्थित बन गई है। इस बीच आतंकी संगठन हमास द्वारा गाजा पट्टी से कम से कम ९ रॉकेट दागे गए। जवाब में इजरायल की ओर से हवाई हमले किए गए। अल अक्सा मस्जिद तोड़फोड़, फायरिंग और मारपीट से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।



