टोरंटो। बुधवार दोपहर टोरंटो के शेरवे गार्डन में लूटपाट की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस मामले में टोरंटो पुलिस कम से कम तीन संदिग्धों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने कहा कि उन्हें डकैती के लिए बुधवार शाम ५:३० बजे से कुछ देर पहले एटोबिकोक मॉल में बुलाया गया था।
कथित तौर पर तीन आदमी एक अज्ञात स्टोर से डिस्प्ले केस तोड़ रहे थे और सामान चुरा रहे थे। लूटपाट के दौरान कितना सामान ले जाया गया, इसका अभी तक खुलासा नहीं किया गया है।
पुलिस ने कहा कि लूटपाट की घटना के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार लूटपाट के बाद संदिग्ध लाल रंग की सेडान कार में भाग गए। पुलिस के अनुसार दो संदिग्ध १८ वर्षीय अश्वेत पुरुष हैं।
एक को आखिरी बार पूरे काले कपड़े और काला मास्क पहने देखा गया था, जबकि दूसरे ने पूरे सफेद कपड़े पहने थे। तीसरे संदिग्ध का कोई विवरण नहीं दिया गया है।
गौरतलब है कि यह ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र में लूटपाट की नवीनतम घटना है। पिछले कुछ महीनों में, मॉल के अंदर आभूषण की दुकानों सहित कई दुकानों को लुटेरों ने निशाना बनाया है, कुछ घटनाएं वीडियो में कैद हुई हैं।
लूटपाट की यह घटनाएं कानून व्यवस्था को सीधे चुनौती दे रही हैं। इस प्रकार की घटनाओं से स्थानीय निवासियों में पुलिस की कार्य क्षमता को लेकर रोष का माहौल है।



