174 Views
2.45 crore fraud, a woman arrested from Kerala

२.४५ करोड़ की धोखाधड़ी, केरल से एक महिला गिरफ्तार

कोलकाता, १६ जनवरी। ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम से क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झांसा देकर २.४५ करोड़ रुपए फ्रॉड के मामले में बिधाननगर पुलिस ने केरल से एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ऑनलाइन ट्रेडिंग फेसबुक अकाउंट से क्रिप्टो करेंसी के कारोबार में निवेश के नाम पर केरल से श्वेता सोनाली को वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। केरल से गिरफ्तार कर महिला को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया गया। उन्हें बिधाननगर अनुमंडल न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार २२ मार्च, २०२२ को कोल इंडिया के पूर्व अधिकारी सोमनाथ बसाक ने बिधाननगर साइबर शाखा में क्रिप्टो करेंसी के कारोबार में निवेश करने के लिए फेसबुक अकाउंट/वेबसाइट पर ट्रेडिंग करने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि वह क्रिप्टो करेंसी के कारोबार में ६० और ४० प्रतिशत लाभांश को लेकर सहमत हुए थे। उन्हें कहा गया था कि वह अगली अवधि में कुछ रुपए का निवेश करते हैं, तो उन्हें लाभांश के साथ प्रतिफल मिलेगा। अगली अवधि में वह २५ लाख रुपये का निवेश करते हैं और वह पैसा लाभांश के साथ २५ करोड़ रुपए हो जाएगा। उसके बाद उनके बैंक अकाउंट से २ करोड़ ३५ लाख ट्रांसफर किये गये, लेकिन पैसे के भुगतान के बाद सोशल मीडिया से कंपनी के पेज को हटा दिया गया। जांच के बाद बिधाननगर साइबर शाखा पुलिस ने तंजौर टेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की निदेशक श्वेता सोनाली को आरके गार्डन, न्यू बेल रोड थाने, सदाशिव नगर, केरल से गिरफ्तार किया है। पुलिस उन्हें केरल से गिरफ्तार कर कोलकाता लायी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी के सात बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यूनाइटेड किंगडम और दुबई से धन की निकासी की गई और सभी खातों को फ्रीज कर दिया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top