201 Views

नाइजीरिया में यात्रियों से भरी नाव नदी में डूबने से १७ लोगों की मौत

अबुजा ,०१ नवंबर। नाइजीरिया के पूर्वी राज्य टराबा में एक यात्री नाव पलटने से कम से कम १७ लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। टराबा में राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के अभियान प्रमुख बशीर गर्ग ने कहा कि इस घटना में अब तक १७ लोगों का शव बरामद किया गया है जबकि १२ लोगों को बचाया गया है।
गर्ग ने कहा कि एक स्थानीय बाजार से महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम १०४ यात्रियों को लेकर जा रही नौका टराबा के स्थानीय सरकारी क्षेत्र करीम लामिडो की ओर जाते समय डूब गई। अधिकारी ने घटना के लिए नाव के ओवरलोड होने को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि आगे की जांच चल रही है। टराबा राज्य के गवर्नर अगबू केफस ने एक बयान में इस घटना को बहुत दुखद करार दिया और स्थानीय बचावकर्मियों से खोज एवं बचाव अभियान तेज करने का आग्रह किया।
पश्चिम अफ्रीकी देश में नाव दुर्घटनाएं प्राय: ओवरलोडिंग, खराब मौसम और दोषपूर्ण संचालन के कारण होती है। पिछले महीने, नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला टिनुबु ने पूरे देश में बार-बार हो रही घातक नाव दुर्घटनाओं की गहन और व्यापक जांच का आदेश दिया था।

Scroll to Top