कैलिफोर्निया,२१ जून। गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन ने अब अपनी दूसरी पत्नी निकोल शानाहान से तलाक लेने के लिए आवेदन किया है।
सर्गेई ब्रिन ने नवंबर २०१८ में निकोल शानाहान से गुप्त रूप से विवाह किया था। दोनों का एक तीन साल का बेटा भी है। लेकिन अब आपसी मतभेद के कारण वह अपनी दूसरी पत्नी निकोल शानाहान से भी तलाक लेना चाह रहे हैं। इसके लिए उन्होंने अदालत में दायर अर्जी में कहा है कि दोनों के बीच कई मतभेद हैं, जो सुलझाने योग्य नहीं हैं। उन्होंने अदालत से दोनों का तलाक कराने की अपील की है। बताया जा रहा है कि वे अपने तलाक को गुप्त रखना चाहते हैं।
उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। गौरतलब है कि गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन दुनिया के छठे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनके पास ९४ बिलियन डॉलर की संपत्ति है। इससे पहले सर्गेई ब्रिन ने ऐनी वोज्स्की से शादी की थी। तब वे और ऐनी वोज्स्की करीब आठ साल तक साथ रहे। इसके बाद दोनों ने २०१५ में तलाक ले लिया था।



