श्रीनगर ,२८ मई । लद्दाख में एक बड़ा हादसा हो गया। सेना का वाहन सड़क से फिसलकर श्योक नदी में गिर गया। इस हादसे में सेना के कम से कम सात जवान शहीद हो गए। बाकी अन्य घायल बताए जा रहे हैं। अधिक गंभीर घायलों को वायु सेना की मदद से हायर सेंटर रेफर किया गया। बताया जाता है कि वाहन करीब ५० से ६० फीट तक की गहराई में गिरा। भारतीय सेना ने एक बयान में कहा है, २६ सैनिकों का एक दल परतापुर में ट्रांजिट कैंप से सब सेक्टर हनीफ में आगे की ओर बढ़ रहा था। वाहन सड़क से फिसल कर श्योक नदी में गिर गया, जिससे सभी लोग घायल हो गए। सभी २६ सैनिकों को सेना के एक फील्ड अस्पताल में पहुंचाया गया और लेह से सर्जिकल टीमों को परतापुर भेजा गया। बाद में सात जवानों ने दम तोड़ दिया।
नुब्रा पुलिस स्टेशन के एसएचओ स्टैनजिऩ दोरजे ने कहा, हादसा शुक्रवार सुबह करीब ९ बजे हुआ, जिसमें सात सैनिकों की मौत हो गई और १६ अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि यह एक निजी वाहन था जिसे सेना ने फेरी लगाने के लिए किराए पर लिया था। वह सड़क से फिसलकर ८० फुट गहरी खाई में जा गिरा।
दोरजे ने आगे बताया कि घायल जवानों को इलाके के एक सैन्य अस्पताल में ले जाया गया। उन्होंने कहा, प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही का मामला प्रतीत होता है। भारतीय सेना ने कहा, यह सुनिश्चित करने के प्रयास चल रहे हैं कि घायलों को सर्वोत्तम इलाज दिया जाए। अधिक गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर करने के लिए वायु सेना की भी मदद ली जा रही है।



