कीव,२७ मई। रूस-यूक्रेन के बीच ९३ दिनों से जारी युद्ध का कोई अंतिम परिणाम अभी दिखाई नहीं दे रहा है। इस बीच रूसी सैनिकों ने पूर्वी डोनबास पर कब्जा करने के लिए हमले तेज़ कर दिए हैं। यहां ४० शहरों पर हमले किए गए।
वहीं, दो हफ्ते की शांति के पश्चात गुरुवार को रूस ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े उत्तरपूर्वी शहर खार्किव में भारी गोलाबारी की, जिसमें ८ लोगों की मौत हो गई और १७ लोग घायल हो गए। यूक्रेन पुलिस के प्रमुख ने फेसबुक पर जानकारी देते हुए बताया कि मरने वालों में एक ५ महीने का बच्चा और उसके पिता भी शामिल थे, जो हमले के समय सड़क पर चल रहे थे। हमले में बच्चे की मां बुरी तरह जख्मी हो गई।
क्षेत्र के गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव ने बताया कि रॉकेट चालित ग्रेनेड लांचर और तोपखाने में लगी आग की चपेट में आने से कई पास के क्षेत्रों में भी असर हुआ है। खार्किव के पास दरगाछी शहर में एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
इस दौरान,कीव की यात्रा पर आए फिनलैंड के प्रधानमंत्री सना मारिन ने गुरुवार को कहा कि यूक्रेन पर हमला करने के बाद रूस को दुनिया में अपनी स्थिति सुधारने में दशकों लगेंगे। मारिन ने रूस-यूक्रेन युद्ध को यूरोप के लिए एक “टर्निंग पॉइंट” बताया है। मारिन ने आगे कहा कि रूस ने आने वाली पीढ़ियों के लिए भी भरोसा खो दिया है।
उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की और यूक्रेन की संसद के अध्यक्ष रुस्लान स्टेफ़ानचुक से भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद एक बयान में उन्होंने कहा, “रूस के आक्रमण का सामना करने के लिए यूरोपीय संघ को एकजुट, साहसी और दृढ़ होना जरूरी था।”



