124 Views

महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर रचा इतिहास

टोक्यो,2 अगस्त। भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रच दिया। क्वार्टर फाइनल में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से मात दी। भारत की तरफ से एक मात्र गोल गुरजीत कौर ने खेल के 22वें मिनट में किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी सेमीफाइनल में पहुंच गई है। ओलंपिक इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब भारत की महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंची। अब सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला अर्जेंटीना होगा।
टीम इंडिया के लिए यह जीत बेहद खास है। क्योंकि भारतीय महिला हॉकी की टीम की शुरुआत टोक्यो ओलंपिक में ठीक नहीं हुई और उसे तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। लेकिन रानी रामपाल की अगुवाई वाली टीम ने हार नहीं मानी और जबरदस्त वापसी करते हुए शानदार तरीके से एक के बाद एक मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची। भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मैच में 4-3 से जीत दर्ज की। उसके बाद आयरलैंड को 2-0 से हराने के बाद क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल में जाने के लिए क्वार्टर फाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया से हुई। इस मुकाबले में भारत की महिला हॉकी टीम ने कंगारू टीम को 1-0 से पछाड़कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। भारतीय महिला हॉकी टीम की टोक्यो ओलंपिक में शुरुआत काफी निराशाजनक रही। भारत की महिला हॉकी टीम का पहला मुकाबला नीदरलैंड्स से था। इस मैच में नीदरलैंड्स ने भारत पर एकतरफा जीत दर्ज करते हुए 5-1 से शिकस्त दी। इसके बाद महिला टीम का दूसरा मुकाबला जर्मनी से हुआ। जर्मनी ने भारत की महिला हॉकी टीम को 2-0 से पीटा। जबकि ब्रिटेन ने भारत को 4-1 से करारी शिकस्त दी।
टीम की शानदार सफलता पर देश की प्रमुख हस्तियों ने भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ‘पीवी सिंधु ने न केवल एक योग्य पदक जीता है, बल्कि हमने ओलंपिक में पुरुष और महिला हॉकी टीमों के ऐतिहासिक प्रयासों को भी देखा है। मुझे आशा है कि 130 करोड़ भारतीय भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत करना जारी रखेंगे क्योंकि यह अमृत महोत्सव मना रहा है।’ बता दें कि देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर 75 सप्ताह पूर्व आजादी का अमृत महोत्सव शुरू होने जा रहा है। पूरे देश में यह महोत्सव मनाया जाएगा।
बॉलीवुड के कई सितारों ने भी भारतीय महिला हॉकी टीम को इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी है। कई फिल्मी सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए टीम को बधाई दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top