नई दिल्ली। एक निजी टीवी चैनल के मशहूर न्यूज एंकर रोहित सरदाना का निधन हो गया। वह हाल ही में कोरोना संक्रमित हुए थे। इलाज के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया और उन्हें बचाया नहीं जा सका। रोहित सरदाना लंबे समय तक जी न्यूज में एंकर रहे और फिर आज तक न्यूज चैनल से जुड़ गए। उन्हें शुक्रवार को सुबह हार्ट अटैक आया। उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन उनकी जान न बच सकी। उनका दंगल नाम से शो बहुत चर्चित था। उनके निधन पर चर्चित पत्रकारों ने ट्वीट कर शोक जताया। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने भी ट्वीट कर उनकी मौत पर शोक जताया। वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी ने ट्वीट किया, ‘अब से थोड़ी पहले जितेंद्र शर्मा का फोन आया। उसने जो कहा सुनकर मेरे हाथ काँपने लगे। हमारे मित्र और सहयोगी रोहित सरदाना की मृत्यु की ख़बर थी। ये वायरस हमारे इतने क़रीब से किसी को उठा ले जाएगा ये कल्पना नहीं की थी। इसके लिए मैं तैयार नहीं था। यह भगवान की नाइंसाफ़ी है…। ॐ शान्ति।’



