
टोरंटो,२ मई। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कैनेडा के मरखम में स्थित सनातन मंदिर सांस्कृतिक केंद्र में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया। इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल रूप से संबोधित किया। उन्होंने प्रतिमा अनावरण को प्रवासी भारतीयों की ओर से भारत के साथ सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाने के लिए की गई एक महान पहल बताया।
प्रतिमा का उद्घाटन करने के पश्चात् प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “कैनेडा में भारतीय संस्कृति और मूल्यों को जीवंत रखने में ओन्टारियो स्थित सनातन मंदिर कल्चरल सेंटर की भूमिका से हम सब परिचित हैं। आप अपने इन प्रयासों में कितना सफल हुए हैं, आपने किस तरह अपनी एक सकारात्मक छाप छोड़ी है, अपनी कैनेडा यात्राओं में मैंने अनुभव किया है।”
श्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा दिए गए भाषण में कहा,“एक भारतीय दुनिया में कहीं भी रहे, कितनी ही पीढ़ियों तक रहे, उसकी भारतीयता, उसकी भारत के प्रति निष्ठा लेश मात्र भी कम नहीं होती। वो भारतीय जिस देश में रहता है पूरी लगन और ईमानदारी से उस देश की भी सेवा करता है। जो लोकतांत्रिक मूल्य, जो कर्तव्यों का एहसास उसके पुरखे भारत से ले गए होते हैं, वो उसके दिल के कोने में हमेशा जीवंत रहते हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि भारत एक राष्ट्र होने के साथ ही एक विचार भी है, एक संस्कार भी है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत एक देश होने के साथ-साथ एक महान परंपरा है, वैचारिक प्रतिष्ठान है और संस्कृति की एक धारा है। भारत एक ऐसा सर्वोच्च विचार है जो ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की बात करता है। भारत पूरे संसार के हित के लिए प्रार्थना करता है। यह दूसरों के नुकसान की कीमत पर अपने उत्थान के बारे में नहीं सोचता।


