काठमांडू ,७ मई । नेपाल में कंचनजंगा पर्वत पर चढऩे के दौरान एक भारतीय पर्वतारोही की मौत हो गई, एक मीडिया रिपोर्ट में ये बात कही गई है। महाराष्ट्र के नारायणन अय्यर का गुरुवार को ८,२०० मीटर की ऊंचाई पर उस समय निधन हो गया जब वह दुनिया की तीसरी सबसे ऊंची चोटी की ओर बढ़ रहे थे।
शेरपा ने कहा कि घटना तब हुई जब ५२ वर्षीय पर्वतारोही ने चढ़ाई खत्म करते समय बीमार पडऩे के बाद भी उतरने से इनकार कर दिया। शेरपा ने दावा किया कि अय्यर के क्लाइंबिंग गाइड ने उन्हें बार-बार नीचे उतरने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी।
उन्होंने कहा कि पहाड़ पर चढऩे वाले अन्य पर्वतारोही अब कैंप चार से बेस कैंप में उतर रहे हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अभी हाल ही में नेपाल सरकार ने ७० देशों की १५५ महिलाओं सहित ७४० पर्वतारोहियों को नेपाल के पहाड़ों पर चढऩे की अनुमति दी थी, जिसमें सबसे अधिक संख्या में आवेदक अमेरिका से आए थे। पर्यटन विभाग का कहना था कि पर्वतारोहियों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या यूके से है, इसके बाद ५५ भारत से हैं। छह महाद्वीपों के ५८५ पुरुषों और १५५ महिलाओं ने ८,८४८ मीटर पर दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट सहित नेपाली चोटियों पर चढऩे की अनुमति हासिल कर ली है। इसमें कहा गया है कि रूस के २५ और यूक्रेन के एक पर्वतारोही को भी पहाड़ों पर चढऩे की अनुमति मिली है।



