नई दिल्ली। पुलवामा हमले पर भारत की जवाबी एयर स्ट्राइक कार्रवाई के बाद से पाकिस्तान में बौखलाहट का माहौल है। आज सुबह पाक के 2 लड़ाकू विमान नौशेरा सेक्टर में घुसे। पीटीआई के अनुसार, पाकिस्तान के जेट ने भारतीय वायु सीमा का उल्लंघन किया और जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में दाखिल हो गए। जाते हुए इन विमानों ने बम भी गिराए। हालांकि, भारतीय वायु सेना ने इन्हें भगा दिया। मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पाक के जेट विमान होने की बात कही है। पाकिस्तान की तरफ से एयर स्ट्राइक के बाद से ही जवाबी कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। हालांकि, भारतीय सेना भी पूरी तरह से मुस्तैद है और हाई अलर्ट पर है। दिल्ली मुंबई समेत कई शहरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एयर स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तानी मीडिया और संसद में जमकर बवाल हो रहा है। पाकिस्तानी सासंदों ने मंगलवार को जवाबी हमले की मांग भी की थी। हालांकि, पाक के लड़ाकू विमानों को तत्काल ही भारतीय वायुसेना ने क्षेत्र से भगा दिया। सीमावर्ती क्षेत्रों लेह, जम्मू, श्रीनगर और पठानकोट एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एयरस्पेस पर हाई अलर्ट और सुरक्षा कारणों से कई कमर्शल फ्लाइट्स होल्ड पर रखी गई हैं। सभी सीमावर्ती इलाकों के साथ महत्वपूर्ण सैन्य बेस पर भी खासी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पाकिस्तान के कुछ लड़ाकू विमानों के भारतीय एयर स्पेस का उल्लंघन करने के बाद लेह, जम्मू, श्रीनगर और पठानकोट एयरपोर्ट्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है। खबरों के मुताबिक सुरक्षा कारणों से एयर स्पेस को सस्पेंड कर दिया गया है। कई कर्मशल फ्लाइट को स्थिगत किया गया है।
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में भारतीय वायुसेना का मिग लड़ाकू विमान क्रैश हो गया है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है। हालांकि तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। विमान के मलबे से दो शव भी बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि विमान के दोनों पायलटों की हादसे में मौत हो गई है। कहा जा रहा है कि मिग विमान एयर पट्रोल मिशन पर था और श्रीनगर से उड़ान भरी थी। बडगाम के पास विमान में धमाका हुआ और क्रैश होने के बाद नीचे गिर गया। घटनास्थल से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं उसमें विमान के मलबे के साथ आग दिख रही है और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां मौजूद हैं। बडगाम के एसएसपी ने बताया, ‘भारतीय वायुसेना की टेक्निकल टीम कुछ देर में यहां आकर तथ्यों का पता लगाएगी। अभी तक हमें दो शव मिले हैं।’ बता दें कि पहले भी मिग फाइटर प्लेन कई बार क्रैश हो चुके हैं। कुछ महीने पहले भी हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में मिग फाइटर प्लेन क्रैश हो गए थे। इसी महीने राजस्थान के जैसलमेर से ट्रेनिंग मिशनके लिए उड़ान भरने वाला मिग-27 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।



