120 Views

बर्बरता: हिजाब विरोधी पोस्ट करने पर कर्नाटक में युवक की हत्या

नई दिल्ली,21 फरवरी। कर्नाटक के शिवमोगा में सोशल मीडिया पर हिजाब विरोधी पोस्ट करने पर एक 23 साल के युवक की हत्या कर दी गई। इसके बाद यहां तनाव की स्थिति बनी हुई है और धारा 144 लागू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम हर्ष था और वह बजरंग दल का कार्यकर्ता था। राज्य के गृह मंत्री अरागा जनेंद्र ने जिले के स्कूल एवं कॉलेजों को अगले दो दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया है।
उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 4 से 5 युवकों ने हर्ष की हत्या की है। अब तक इस घटना के पीछे किसी संगठन का नाम सामने नहीं आया है। फिलहाल शिवमोगा जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति कंट्रोल में है। हालांकि कुछ लोगों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए जिले के सीगेहट्टी इलाके में कुछ वाहनों में आग लगा दी। इस घटना से कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद के हिंसक होने तथा और तूल पकड़ने की संभावना गहरा गई है।
पुलिस के मुताबिक रविवार रात करीब 9 बजे युवक की चाकू से गोदकर हत्या की गई। इसके बाद तनाव बढ़ गया। शिवमोगा शहर के कई इलाकों में उपद्रव हुए और गाड़ियों में आग लगा दी गई। पुलिस हिजाब विवाद से इस मामले को जोड़कर इसलिए देख रही है क्योंकि युवक ने कुछ दिन पहले ही फेसबुक पर इससे संबंधित एक पोस्ट लिखी थी। इस पोस्ट में उसने हिजाब का विरोध किया था और भगवा गमछे का समर्थन किया था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top