टोरंटो । टोरंटो में कल देर रात हुई गोलीबारी में कई लोग चपेट में आ गए। पुलिस ने बताया कि टोरंटो के ग्रीकटाउन जिले में रविवार की रात एक अज्ञात बंदूकधारी द्वारा की गई गोलीबारी में एक की मौत हो गई है जबकि करीब 14 लोग गंभीर रुप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अंत में हमलावर ने भी खुद को गोली मार ली जिसके बाद उसकी भी मौत हो गई।
ए 54 डिविजन के स्पोक्सपर्सन ने बताया कि लोगन एवेन्यूज और डैनफोर्थ में ये हमला रात करीब 10 बजे हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 13 घायलों में से एक 9 साल की बच्ची भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर कई एंबुलेंस की सेवाएं पहुंचाई जा रही है और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह हमला तब शुरू हुआ जब वहीं पास के एक रेस्टोरेंट में एक बर्थडे पार्टी चल रही थी। घटनास्थल पर मौजूद एक कपल ने बताया कि वह पास के रेस्तरां में थे तभी उन्हें 10-15 जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई पड़ी। उसके बाद लोगों के चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। उन्होंने बताया कि पहले मुझे लगा कि ये पटाखों की आवाज है लेकिन बाद में पता चला कि गोलियों की आवाज थी। हमने देखा कि कई लोग बदहवास इधर-उधर भाग रहे थे। वहां मौजूद गवाहों ने बताया कि उन्होंने 20-30 गोलियों की आवाज सुनी और वे बार-बार बंदूक में गोलियां रीलोड करने की आवाजें भी सुन रहे थे। उनका कहना है कि यह गैंगवार से संबंधित गोलीबारी नहीं थी। हमलावर को देखकर लग रहा था वह तनावग्रस्त है। घटनास्थल पर पुलिस तैनात कर दी गई है। गौरतलब है कि कनाडा में गोलीबारी की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर सरकार ने जगह-जगह पुलिस पिकेट तैनात कराए हैं।



