मनीला ,१० मई । फिलीपींस में हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच सोमवार को राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, १२ सीनेटर, प्रतिनिधि सभा के ३०० से अधिक सदस्य और १७,००० से अधिक स्थानीय अधिकारियों के चुनाव के लिए मतदान किया गया। मतदान सुबह छह बजे शुरू हुआ और शाम सात बजे तक चला। सीएनएन फिलीपींस ने बताया कि पासिग एलीमेंट्री स्कूल में, मतदाताओं ने शिकायत की कि मतदान पर निगरानी रखने वालों के देरी से आने के कारण मतदान में देरी हुई। देश के लगभग ६.५ करोड़ नागरिक और विदेशों में रह रहे फिलीपींस के कई नागरिकों ने देश के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, सीनेटरों और प्रतिनिधियों का चुनाव करने के लिए मतदान किया।
फिलीपींस के तानाशाह फर्डिनेंड मार्कोस के बेटे फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर छह साल बाद अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी लेनी रोब्रेडो के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों राष्ट्रपति पद के लिए होड़ में हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार नौ मई के चुनाव में फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की जीत अपने भ्रष्ट और क्रूर शासन के खिलाफ बड़े पैमाने पर विद्रोह से भागने के तीन दशक से अधिक समय बाद मार्कोस राजवंश की मलकानांग पैलेस में वापसी सुनिश्चित कर देगी। मार्कोस परिवार ने देश छोड़कर भागने से पहले सरकारी खज़ाने को लूट लिया था।
इस बीच, दक्षिणी फिलीपींस के मागुइंदानाओ प्रांत में एक मतदान केंद्र के पास हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गयी और एक व्यक्ति घायल हो गया। दो वैन में सवार हमलावरों ने बुलुआन शहर में मतदान प्रक्रिया में मदद कर रहे शांति सैनिकों पर सुबह करीब ७ बजकर २५ मिनट (स्थानीय समयानुसार) पर गोलीबारी की। सेना के अनुसार, पीड़ित शहर में मेयर के पद के लिए चुनाव लड़ रहे एक स्थानीय राजनेता के समर्थक थे। बेसिलन प्रांत के सुमिसिप शहर में सोमवार सुबह एक और गोलीबारी की घटना की सूचना मिली। आयोग ने कहा कि हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है।



