203 Views

पूर्व मंत्री की बेटी ने आर्मी चीफ पर की अपमानजनक टिप्पणी, केस दर्ज

इस्लामाबाद ,२९ मई । पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा के खिलाफ ‘अभद्र और अपमानजनक’ टिप्पणी करने के मामले में पाकिस्तान पुलिस ने अधिवक्ता ईमान हाजिर मजारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ईमान पूर्व मानवाधिकार कार्यकर्ता और इमरान सरकार में मंत्री रहीं शिरीन मजारी की बेटी हैं। जज एडवोकेट जनरल, जीएचक्यू, के लेफ्टिनेंट कर्नल सैयद हुमायूं इफ्तिखार की अर्जी पर इस्लामाबाद के रमना पुलिस थाने में धारा ५०५ (नफरती भाषण) और पाकिस्तान दंड संहिता की धारा १३८ के तहत ईमान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज करने की मांग वाली शिकायती अर्जी के अनुसार मजारी ने २१ मई को पाकिस्तानी सेना और उसके प्रमुख जनरल बाजवा के खिलाफ ‘अपमानजनक और नफरत भरा’ बयान दिया था।

इसमें कहा गया है कि उनके आपत्तिजनक बयान बहुत अपमानजनक हैं, जिनकी मंशा पाकिस्तानी सेना में बगावत भड़काने की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मजारी ने अपने बयान से सेना के शीर्ष नेतृत्व को अपमानित किया और इस बयान का मकसद पाकिस्तानी सेना में बगावत और अराजकता को उत्पन्न करना था, जो कि दंडनीय अपराध है। ईमान ने गत २१ मई को अपनी मां की गिरफ्तारी के बाद यह बयान दिया था। ईमान की मां को पंजाब प्रांत की भ्रष्टाचार रोधी विभाग के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था।

हालांकि ईमान की मां उसी दिन इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप करने के कारण रिहा कर दी गई थीं। इमरान खान सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं शिरीन (५९) अपनी पार्टी की सरकार गिरने के बाद से सेना की आलोचना कर रही हैं। शिरीन की गिरफ्तारी के बारे में पूछने पर उनकी बेटी ईमान ने जनरल बाजवा पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनकी मां को हिरासत में लिए जाने के पीछे सेना की अहम भूमिका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top