नई दिल्ली,१२ मार्च। पंजाब में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी की निगाहें अब हरियाणा और हिमाचल प्रदेश पर है।
अपने राजनीतिक संकट के साथी भगवंत मान को पंजाब की गद्दी सौंपने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल हरियाणा के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
पंजाब चुनाव के अप्रत्याशित और शानदार नतीजों के बाद हरियाणा में एक बार फिर आम आदमी पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों को उड़ान मिलने की उम्मीद है। पार्टी का अगले कुछ माह के भीतर होने वाले हरियाणा के शहरी निकाय चुनाव अपने सिंबल झाड़ू पर लड़ने का ऐलान इस बात का संकेत है कि अरविंद केजरीवाल अब अपने गृह राज्य हरियाणा को लेकर काफी गंभीर हैं। अब देखना यह होगा कि क्या आम आदमी पार्टी पंजाब की तरह कांग्रेस तथा भाजपा का मजबूत विकल्प बनकर उभर पाती है या नहीं।



