पेरिस। संगीत को जीवन की आत्मा कहा जाता है। पूरी दुनिया में संगीत को बढ़ावा देने के लिए तरह तरह के आयोजन समय-समय पर किए जाते हैं। आज 21 जून को वर्ल्ड म्यूजिक डे मनाया जाता है। इस दिन संगीत को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए तरह तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस आयोजन की शुरुआत फ्रांस में 1982 में हुई थी। वहां पर इस जलसे को ‘Fete de la Musique’ के नाम से जाना जाता है। जानकारी के मुताबिक, अमेरिका के मशहूर संगीतकार जोएल कोहेन ने संगीत पर आधारित एक समारोह का आयोजन किया था। इसके बाद से ही 21 जून को हर साल वर्ल्ड म्यूजिक डे मनाया जाता है। इस दिन सार्वजनिक जगहों पर लोगों के लिए संगीत बजाया जाता है। बताया जाता है कि पहले संगीत दिवस पर फ्रांस के साथ 32 से ज्यादा देशों ने इसमें हिस्सा लिया था। वर्तमान में भारत सहित दुनिया भर के कई देशों में 21 जून को विश्व संगीत दिवस मनाया जाता है।
