टोक्यो,०४ जून। टोक्यो में ‘ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल’ में अध्ययन कर रहे जापानी छात्रों के बीच हिंदी और फ्रेंच सर्वाधिक लोकप्रिय विदेशी भाषाएं हैं। यह संस्थान विश्व के छह देशों में कार्यरत है। सिंगापुर में ‘ग्लोबल स्कूल्स फाउंडेशन’ के सह-संस्थापक एवं अध्यक्ष तेमुर्निक ने कहा कि जापानी छात्र अपनी संस्कृति को बचाए रखते हुए एशियाई और पश्चिमी संस्कृतियों के बारे में जानने के लिए उत्सुक रहते हैं।
उन्होंने भाषा संबंधी पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘‘सांस्कृतिक शिक्षा जापानी और प्रवासी छात्रों को विभिन्न संस्कृतियों के बारे में गहराई से जानने और अनुभव करने का अवसर देती है।”
संस्थान के १६ स्कूलों में १५,००० छात्र अध्ययनरत हैं। तेमुर्निकर ने एक जापानी छात्र का अनुभव साझा किया, जिसने इस सप्ताह की शुरुआत में जापान की दो दिवसीय यात्रा पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के दौरान हिंदी में बात कर उन्हें चकित कर दिया था। छात्र रित्सुकी कोबायाशी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ हिंदी में बात की और एक चित्र पर उनका ऑटोग्राफ मांगा जिसमें हिंदी, जापानी और अंग्रेजी में विवरण थे।