146 Views

छक्के खाने के मामले में मोहम्मद सिराज और वनिंदु हसरंगा ने दर्ज़ कराया शर्मनाक रिकॉर्ड, युजवेंद्र चहल की बराबरी की

नई दिल्ली ,२७ मई । आईपीएल के इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने का अनचाहा रिकॉर्ड ड्वेन ब्रावो के नाम दर्ज है। ब्रावो ने आईपीएल २०१८ में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलते हुए पूरे सीजन में २९ छक्के खाए थे। इस अनचाही लिस्ट में इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के दो गेंदबाजों का नाम शामिल हो गया है। इन दोनों ने २०१५ में युजवेंद्र चहल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
२०१५ में युजवेंद्र चहल ने पूरे सीजन के दौरान २८ छक्के खाए थे और मोहम्मद सिराज और वनिंदु हसरंगा भी इस मामले में अब उनके कंधे से कंधा मिला चुके हैं। हसरंगा और सिराज दोनों ने इस सीजन में २८-२८ छक्के लुटाए हैं। हसरंगा फिलहाल पर्पल कैप की दौड़ में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने अभी तक इस सीजन में कुल २५ विकेट चटकाए हैं। हसरंगा का इकॉनमी रेट ७.६२ का रहा है। वह बहुत महंगे साबित नहीं हुए हैं, लेकिन उनकी गेंदबाजी पर विरोधी टीम के बल्लेबाजों ने काफी छक्के बटोरे हैं। वहीं सिराज के लिए यह सीजन अभी तक काफी खराब रहा है। सिराज ने १४ मैचों में ९.८५ के इकॉनमी रेट से रन लुटाए हैं और महज नौ विकेट लिए हैं। सिराज की लय इस सीजन में टूटी हुई नजर आई और विरोधी बल्लेबाजों ने इसका जमकर फायदा भी उठाया है। आईपीएल २०२२ का एलिमिनेटर मैच आरसीबी और लखनऊ सुपर जायन्ट्स के बीच खेला गया था। आरसीबी ने १४ रनों से मैच जीतकर दूसरे क्वॉलिफायर में जगह बना ली है, जहां उनका मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होना है। जो भी टीम जीतेगी वह २९ मई को फाइनल में गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top