ओटावा,15 जुलाई। ग्रीन पार्टी के अधिकारियों ने अन्नामी पॉल की पार्टी में सदस्यता को निलंबित करने की दिशा में पहला कदम उठाया है। पार्टी के तीन वरिष्ठ सूत्रों का कहना है कि ग्रीन्स की मुख्य गवर्निंग बॉडी के अंतरिम कार्यकारी निदेशक डाना टेलर ने एक सदस्यता समीक्षा शुरू की है जो पॉल की स्थिति को निलंबित कर देगी और उन्हें पार्टी का प्रतिनिधित्व करने से रोक देगी।
यह समीक्षा मंगलवार रात फेडरल काउंसिल की एक विशेष बैठक से सामने आई, जहां टेलर ने घोषणा की कि जांच आगे बढ़ेगी। सूत्रों का कहना है कि पॉल को वर्चुअल बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया था।
हालांकि पार्टी की इस बैठक में तथा शीर्ष नेतृत्व द्वारा पॉल के खिलाफ की गई कार्यवाही का कोई विवरण विवरण नहीं दिया गया है। लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि उनके अधिकारों को सीमित कर उनकी सदस्यता समाप्त किए जाने की तैयारी की जा चुकी है। टेलर और पार्टी की प्रवक्ता रोजी एमरी दोनों ने इस मामले में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जबकि पॉल बुधवार को उपलब्ध नहीं थीं।
बताया जाता है कि सदस्यता की समीक्षा पार्टी गुटों के बीच एक महीने की लंबी लड़ाई का नतीजा है जो इस बात को लेकर है कि पार्टी और उसके नेता को इजरायल-फिलिस्तीनी संघर्ष का जवाब कैसे देना चाहिए।



