क्यूबेक,13 जनवरी। कोरोना का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कैनेडा में भी कोरोना धीरे-धीरे अपने नए स्वरूपों के साथ विकराल रूप धारण करता चला जा रहा है। ऐसे में सरकार तथा स्थानीय प्रशासन कोरोना के प्रसार को रोकने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए टीकाकरण पर खास जोर दिया जा रहा है तथा टीकाकरण न करवाने वाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही भी की जा रही है।
ऐसा ही एक मामला कैनेडा के क्यूबेक प्रांत में सामने आया है। कोरोना के वेरिएंट ओमिक्रॉन की नई लहर के बीच कोविड वैक्सीन ना लगवाने वाले और “स्वास्थ्य नियमों की अनदेखी करने वाले” एक पिता को अदालत के एक आदेश के बाद अपने 12 साल के बच्चे से मिलने का अधिकार खोना पड़ा। क्यूबेक के एक जज ने आदेश दिया कि कोरोना वैक्सीन ना लगवाने वाले पिता से मिलना बच्चे के हित में नहीं है। अदालत के आदेश अनुसार जब तक बच्चे का पिता वैक्सीन नहीं लगवा लेता तब तक उसे बच्चे से नहीं मिलने दिया जाएगा।
जज ने अपने फैसले में कहा, “अगर बच्चे के पिता ने वैक्सीन नहीं लगवाई है और वो स्वास्थ्य नियमों की अवहेलना करता है तो मौजूदा महामारी के हालात देखते हुए यह बच्चे के हित में नहीं होगा कि वो अपने पिता से मिले.”



