टोरंटो,7 जनवरी। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि 27 दिसंबर से दो जनवरी के दौरान इससे पिछले सप्ताह के मुकाबले कोरोना वायरस संक्रमण के नये वैश्विक मामलों में 71 फीसदी की वृद्धि हुई है जबकि इसी अवधि में मौत के मामलों में 10 फीसदी की गिरावट रही। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को नए मामलों में वृद्धि के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। डब्ल्यूएचओ द्वारा जारी कोविड-19 के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल अक्टूबर से संक्रमण के मामलों में क्रमिक वृद्धि के बाद वैश्विक स्तर पर 27 दिसंबर से दो जनवरी के सप्ताह के दौरान इससे पिछले सप्ताह की तुलना में संक्रमण के नए मामलों में 71 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हालांकि इसी अवधि में संक्रमण के कारण मौत के मामलों में 10 फीसदी गिरावट रही। पिछले सप्ताह के दौरान दुनियाभर में संक्रमण के करीब 95 लाख नये मामले सामने आए जबकि 41,000 से अधिक मरीजों की मौत हो गई। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मामलों में बढ़ोतरी के लिए कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन को जिम्मेदार ठहराते हुए सतर्क रहने की अपील की है।



