ओटावा, 10 जुलाई। देश और दुनिया में कोरोनावायरस अब अपने नए-नए वेरिएंट के जरिए फैल रहा है। अभी डेल्टा और डेल्टा प्लस वेरिएंट से उबरे भी नहीं थे कि अब एक नया लैंब्डा वेरिएंट आ गया है। कैनेडा के चीफ पब्लिक हेल्थ ऑफिसर का कहना है कि देश में कोविड-19 के नए केस एक नए वेरिएंट से जुड़े होंगे, लेकिन ये कहना जल्दबाजी होगी कि ये कितना व्यापक है या इसका क्या प्रभाव हो सकता है।
डॉ. थेरेसा टैम ने गुरुवार को कहा कि पिछले साल पेरू में पहली बार पाए गए लैम्ब्डा वेरिएंट के 11 मामले आज तक हेल्थ कैनेडा की जानकारी में आए हैं। हालांकि, क्यूबेक के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ ने गुरुवार को कहा कि उसने पहले ही मार्च और अप्रैल में 27 मामलों की पुष्टि की है।
टैम ने कहा कि कैनेडा की पब्लिक हेल्थ एजेंसी लैम्बडा की निगरानी कर रही है कि ये कैसे फैलता है और वैक्सीन का इस पर क्या असर होता है।
उन्होंने कहा कि “हम अभी इस बारे में कुछ जानकारी इकट्ठा करने की कोशिश कर रहे हैं कि कितने लोग लैम्ब्डा वेरिएंट से संक्रमित हैं, लेकिन इस प्वाइंट पर बहुत कम मामले हैं।
2 जुलाई को प्रकाशित न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय की एक स्टडी रिपोर्ट से पता चलता है कि लैम्ब्डा फाइजर-बायोएनटेक और मॉडर्ना से mRNA वैक्सीन द्वारा बनने वालीं एंटीबॉडी के लिए थोड़ा प्रतिरोधी हो सकता है यानी ये कुछ हद तक एंटीबॉडी को बनने से रोक सकता है।



