टोरंटो, 17 अक्टूबर। कैनेडा में अपना पासपोर्ट रिन्यूअल कराने की कोशिश कर रहे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि महामारी के दौरान तत्काल पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन सीमाएं बंद होने और सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों के कारण अधिकांश लोगों ने इन सेवाओं का उपयोग ना के बराबर किया।
सर्विस कैनेडा ने महामारी शुरू होने से एक साल पहले 2.3 मिलियन से अधिक पासपोर्ट जारी किए, लेकिन उसके एक साल बाद केवल 363,225 ही सौंपे। इस साल 30 सितंबर तक 467,541 पासपोर्ट जारी किए गए हैं।
कैनेडियन सरकार ने कोविड-19 के खतरे को देखते हुए विदेश आने जाने वाले नागरिकों को सलाह दी है कि आवश्यक होने पर ही देश से बाहर यात्रा करें। इसके बावजूद 8 नवंबर से पूर्ण तहत टीकाकरण वाले कैनेडियन नागरिकों के लिए बॉर्डर खोले जाने के कारण फेडरल सरकार पासपोर्ट सेवाओं की मांग में तीव्र वृद्धि होने का अनुमान लगा रही है और इसके लिए तैयारियां कर रही है।
विभाग की वेबसाइट के अनुसार लोग सर्विस कैनेडा में आवेदन करने के लगभग 20 दिनों के बाद अपने पासपोर्ट प्राप्त करने की उम्मीद कर सकते हैं, लेकिन कुछ लोगों ने रिपोर्ट की है कि वे एक महीने से अधिक समय तक प्रतीक्षा कर रहे हैं।
सामाजिक विकास मंत्री अहमद हुसैन के प्रेस सचिव मिकाएला हैरिसन के अनुसार, सरकार बढ़ी हुई मांग की बारीकी से निगरानी कर रही है। उन्होंने एक बयान में कहा कि सरकार के पास सेवा मानकों के भीतर कैनेडियन लोगों को पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करना जारी रखने के लिए प्रोटोकॉल हैं।
वैश्विक शोध फर्म, टूरिज्म इकोनॉमिक्स के अनुसार, जैसे-जैसे दुनिया भर में टीकाकरण की दर बढ़ेगी, वैसे-वैसे यात्रियों का विश्वास भी बढ़ेगा। फर्म को उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय यात्रा पूर्व-कोविड स्तर से लगभग 59 प्रतिशत नीचे रहेगी।
इस बीच, सरकार को पासपोर्ट आवेदनों से संबंधित औसत कॉल वॉल्यूम से अधिक का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने लोगों से आग्रह किया है कि जब तक बिल्कुल आवश्यक न हो, सर्विस कैनेडा न जाएं। परेशानियों से बचने के लिए सरकार ने नवीनीकरण के लिए पात्रता अवधि भी बढ़ा दी है। अब 1 फरवरी, 2019 को या उसके बाद समाप्त होने वाले पासपोर्ट का नवीनीकरण किया जा सकता है।
इस तरह कैनेडियन अपने पासपोर्ट के नवीनीकरण के लिए तब तक इंतजार कर सकते हैं जब तक कि उनके पास वास्तव में देश छोड़ने की योजना न हो।



