145 Views

कैनेडा-अमेरिका बॉर्डर पर विस्फोटक की सूचना से मचा हड़कंप

टोरंटो,5 अक्टूबर। कैनेडा और अमेरिका के बीच बॉर्डर क्रॉसिंग पर सोमवार को संदिग्ध पदार्थ मिलने से हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि दोनों देशों के बीच ऐंबैसडर ब्रिज बॉर्डर क्रॉसिंग पर मिली सामग्री विस्फोटक पदार्थ हो सकती है। दरअसल बॉर्डर पर रूटीन जांच के दौरान एक गाड़ी के अंदर प्रशासन को संदिग्ध सामान मिला है। इसके बाद दोनों ओर से सीमा को बंद कर दिया गया। हालांकि बाद में विनडॉट स्ट्रीट को छोड़कर बाकी सभी रास्ते खोल दिए गए।
जांच टीम द्वारा मामले की जांच अभी की जा रही है। विंडसर पुलिस का कहना है कि कैनेडा बॉर्डर सर्विसेज ने उन्हें जानकारी दी कि वाहन जांच एरिया में विस्फोटक हो सकता है। पुलिस ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। इस ब्रिज के आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है जो विंडसर, ओंटारियो और डेट्रॉइट को जोड़ता है।
पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक को विंडसर-डेट्रॉइट टनल और ब्लू वॉटर ब्रिज की ओर परिवर्तित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि बम निरोधक दस्ता मौके पर है। गौरतलब है कि यह ब्रिज दोनों देशों के बीच व्यापार के लिहाज से बेहद अहम है। इस ब्रिज से होकर रोजाना हजारों गाड़ियां गुजरती हैं जिनके माध्यम से लाखों डॉलर का व्यापार होता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top