96 Views

केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े का फिर विवादास्पद बयान, कांग्रेस नेता राव का पत्नी को लेकर उड़ाया मजाक

बंगलूरू। एक दिन पहले ही विवादास्पद बयान देने वाले केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने सोमवार को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडू राव का मजाक उड़ाया है। उन्होंने राव को ऐसा व्यक्ति करार दिया जो मुस्लिम महिला के पीछे पड़ा था। राव की पत्नी तबस्सुम मुस्लिम हैं। रविवार को ही हेगड़े ने बयान दिया था कि हिंदू लड़कियों को छूने वाले मुस्लिम हाथों को काट देना चाहिए। दरअसल हेगड़े के हाथ काटने वाले बयान के जवाब में गुंडू राव ने ट्वीट किया था कि मंत्री या सांसद बनने के बाद आखिर आपकी उपलब्धियां क्या हैं? कर्नाटक के विकास में आपका क्या योगदान है? निश्चित रूप से कह सकते हैं, यह खेदजनक है कि ऐसे लोग मंत्री बन गए और सांसद के रूप में चुने गए।
राव के इस बयान पर हेगड़े उनकी पत्नी को मामले में घसीट लाए और ट्वीट किया कि वह पक्के तौर दिनेश राव के सवालों के जवाब देंगे लेकिन वह खुद यह खुलासा कर सकते हैं कि उनकी उपलब्धियों के साथ कौन हैं? वह उन्हें केवल एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जानते हैं जो एक मुस्लिम महिला के पीछे पड़े थे। इस पर राव ने फिर ट्वीट किया कि अनंत कुमार हेगड़े का इतने नीचे स्तर पर जाकर व्यक्तिगत मुद्दों को बीच में लाना देखकर दुख हुआ। अंदाजा लगाइए क्या यह उनकी संस्कृति की कमी है? क्या उन्होंने हमारे हिंदू धर्मग्रंथों से कुछ नहीं सीखा? अब वक्त गुजरा नहीं है, वह अभी भी एक प्रतिष्ठित व्यक्ति बनने की कोशिश कर सकते हैं। गुंडू राव की पत्नी तबस्सुम ने हेगड़े के बयान पर कहा कि पहली बार यह है कि वह कभी मेरे साथ नहीं भागे। हमारा विवाह पवित्र है। इस मामले में मुझे खींचना गलत है। उन्होंने कहा कि नेताओं को अपनी भाषा पर ध्यान देना चाहिए। वह राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं, एक घरेलू महिला हैं। उनका प्रयोग कर चुनाव का ध्रुवीकरण क्यों करना चाहते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह आदमी हर भारतीय के लिए शर्मिंदगी की तरह है। यह केंद्रीय मंत्री बनने के लायक नहीं है और इसे तुरंत बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top