टोरंटो, 19 अगस्त। ओंटारियो में बुधवार को कोरोना संक्रमण के लगभग 500 नए मामले सामने आए तथा तीन मौतें रिकॉर्ड की गईं। प्रांतीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार 485 नए संक्रमित मिलने से साप्ताहिक रोलिंग औसत बढ़ गया है। एक दिन पहले संक्रमित लोगों की संख्या 348 थी जबकि पिछले सप्ताह यह मात्र 324 थी। नए संक्रमितों में 309 लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई थी जबकि 41 आंशिक रूप से वैक्सीनेटेड थे वहीं शेष लोग या तो पूरी तरह से वैक्सीनेटेड थे या उनका वैक्सीनेशन स्टेटस अपंजीकृत था।
प्रांत में सोमवार को 526, रविवार को 511 तथा शनिवार को 578 नए मामले सामने आए थे। इससे 7 दिनों का रोलिंग औसत बढ़ कर 496 हो गया है जो पिछले सप्ताह के 332 से लगभग 50% अधिक है। इस दौरान 345 लोग भी रिकवर हुए हैं। तकनीकी कारणों से आईसीयू में भर्ती कोविड-19 मरीजों की संख्या नहीं दी गई है, हालांकि मंगलवार तक 127 कोरोना संक्रमित आईसीयू में भर्ती थे।
तीन नई मौतों के साथ प्रांत में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 9431 हो गया है। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ओंटारियो लैब ने पिछले 24 घंटों में 26,300 से अधिक परीक्षणों को प्रोसेस किया है। इन परीक्षणों में पॉजिटिविटी रेट 2.5 प्रतिशत हो गया है, जो एक सप्ताह पहले 1.7 प्रतिशत था।
प्रांत ने मंगलवार को टोरंटो में 108 नए कोविड -19 मामले दर्ज किए जबकि पील क्षेत्र में 59, यॉर्क क्षेत्र में 22, डरहम में 16 और हाल्टन में 16 मामले सामने आए। दक्षिणी ओंटारियो के विंडसर-एसेक्स में 75 और मिडलसेक्स-लंदन में 27 मामले सामने आए। जनवरी 2020 से अब तक कोरोना संक्रमण के 556,920 मामलों की लैब में पुष्टि की गई और 543,422 ठीक हो चुके हैं। प्रांत में अब तक 9.6 मिलियन लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज देकर पूर्णतः वैक्सीनेटेड किया जा चुका है।
मंगलवार को, ओंटारियो के शीर्ष चिकित्सक ने घोषणा की है कि प्रांत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिबंधों में ढील देने पर रोक लगा देगा क्योंकि चौथी लहर के बीच संक्रमण का बढ़ना जारी है। हालांकि अभी यह ज्ञात नहीं है कि आगे के प्रतिबंध कब हटाए जा सकते हैं, जिसमें घर के अंदर मास्क लगाना और इनडोर और आउटडोर समारोहों की क्षमता सीमा शामिल है।
संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. इसहाक बोगोच ने बुधवार सुबह मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि मौजूदा प्रतिबंध सर्दियों तक लागू रहने की संभावना है। गौरतलब है कि ओंटारियो ने 16 जुलाई को अपने रिओपनिंग फ्रेमवर्क के तीसरे चरण में प्रवेश किया है जिसमें जिम, मूवी थियेटर और रेस्तरां के डाइनिंग रूम को फिर से खोलने की अनुमति दी जाएगी।



