टोरंटो,14 अगस्त। ओंटारियो की सबसे बड़ी नगरपालिकाओं ने एक स्थानीय प्रूफ-ऑफ-वैक्सीनेशन सिस्टम बनाने के लिए प्रांत से आह्वान किया हैं। यह सिस्टम, जिसे कभी-कभी वैक्सीन पासपोर्ट या वैक्सीन प्रमाणपत्र के नाम से जाना जाता है, लोगों को यह साबित करने की अनुमति देती है कि उन्हें वैक्सीन लगाई जा चुकी है और व्यवसायों, आयोजनों और अन्य स्थानों पर उनके आने जाने से कॉविड के फैलने का कोई खतरा नहीं है। यह सिस्टम इसलिए जरूरी है ताकि कोविड-19 को प्रसारित करने की संभावना को कम करने में मदद मिल सके।
शुक्रवार को जारी एक बयान में, ओंटारियो के बिग सिटी मेयर्स (ओबीसीएम) ने कहा कि टीकाकरण रिकॉर्ड दुनिया भर में व्यवसायों और अन्य कार्यस्थलों को सुरक्षित रूप से फिर से खोलने में मदद कर रहे हैं और चौथी लहर के प्रभाव को कम करने के लिए ओंटारियो में भी ऐसा ही होना चाहिए। टोरंटो के मेयर जॉन टोरी ने भी ऐसे ही सिस्टम की वकालत की है। वही प्रीमियर डग फोर्ड ने अब तक यह कहकर इसका विरोध किया है कि इससे समाज बंट जाएगा।
अनेक व्यवसायियों तथा उद्योगपतियों ने वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट सिस्टम को आवश्यक बताया है और कहा है कि महामारी के फैलाव के कारण होने वाली तालाबंदी से उनके उद्योगों पर बहुत मार पड़ी है तथा वे आगे किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने की स्थिति में नहीं है।
फेडरल सरकार भी अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं के लिए एक वैक्सीनेशन पासपोर्ट बनाने पर विचार कर रही है। ट्रूडो सरकार ने शुक्रवार को यह भी कहा कि अगले कुछ महीनों के भीतर सभी फेडरल कर्मचारियों के लिए कोविड-19 टीकाकरण अनिवार्य होगा।
ओंटारियो ने अब तक किसी भी व्यक्ति या उद्योग के लिए टीकाकरण अनिवार्य करने से इनकार कर दिया है, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों और स्कूलों में काम करने वाले लोग भी शामिल हैं। जबकि ओंटारियो में अधिकांश पात्र निवासियों ने टीकाकरण शुरू कर दिया है या पूरा कर लिया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वैक्सीन लगवा चुके लोगों के संक्रमित होने का खतरा, वैक्सीन न लगवाने वाले लोगों के मुकाबले काफी कम है। वर्तमान में ओंटारियो अस्पतालों में गहन देखभाल इकाइयों (आईसीयू) में भर्ती कोविड-19 रोगियों में से, तीन को पूरी तरह से टीका लगाया गया है, पांच को आंशिक रूप से टीका लगाया गया है और 52 पूरी तरह से अनवैक्सीनेटेड हैं।
अपनी रिलीज़ में, ओंटारियो के बिग सिटी मेयर्स ने प्रांत को $ 10 प्रति दिन चाइल्डकैअर और अधिक किफायती ब्रॉडबैंड इंटरनेट एक्सेस पर फेडरल सरकार के साथ काम करने का भी आह्वान किया।



