176 Views

ऐसे चमकाएं चाय छन्नी और कड़ाही

टोरंटो,29 जुलाई। घर की रसोई वह स्थान होता है जहां पर प्रतिदिन सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। दिन में कई बार बर्तनों का उपयोग होने से वे लगातार गंदे होते रहते हैं जिन की सफाई करना दिक्कत भरा काम होता है।हर कोई चाहता है कि उसके बर्तन एकदम नए जैसे चमकते रहें।
घर में सबसे ज्यादा गंदे होने वाले बर्तनों में कड़ाही, कुकर और चाय की छन्नी होती है। चाय छन्नी जब खरीदते हैं तो एकदम चमचमाती रहती है लेकिन कुछ दिनों बाद ही एकदम काली और बहुत गंदी हो जाती है। इस तरह की छन्नी देखने में तो गंदी लगती ही है साथ ही कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स का कारण भी बनती है। वहीं कड़ाही को साफ करना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। आज हम आपको कड़ाही और चाय वाली छन्नी को साफ करने का सबसे सरल और आसान तरीका बता रहे हैं। इससे आपकी मेहनत भी बचेगी और बर्तन नए जैसे चमकने लगेंगे।

चाय छन्नी साफ करने का तरीका

उपाय नंबर-1
अगर प्लास्टिक की छन्नी है तो इसे साफ करने के लिए कोई भी नहाने का साबुन लेकर छन्नी पर 15 मिनट के लिए लगा दें। अब इसे टूथब्रश की सहायता से रगड़-रगड़ कर साफ कर लें।छन्नी बहुत ज्यादा गंदी है तो रातभर साबुन लगाकर छोड़ दें और सुबह इसे ब्रश से साफ कर लें। छन्नी चमचमाने लगेगी।

उपाय नंबर-2

स्टील की छन्नी को साफ करने के लिए गैस पर धीमी लौ पर थोड़ी देर तक छन्नी को रखें। इससे छन्नी में जमा गंदगी जल जाएगी। फिर किसी पुराने टूथब्रश और डिश वॉशर की मदद से छन्नी को अच्छी तरह से साफ कर लें। इस तरह आपकी छन्नी एकदम साफ हो जाएगी।

उपाय नंबर-3

आप बेकिंग पाउडर और विनेगर से भी छन्नी साफ कर सकते हैं। इस तरीके से आप प्लास्टिक और स्टील दोनों छन्नी को साफ कर सकते हैं। एक कटोरी लें और इसमें दोनों छन्नी रख दें। अब दो चम्मच बेकिंग पाउडर, एक टीस्पून विनेगर डालकर पेस्ट बना लें और टूथब्रश की मदद से इस पेस्ट को पूरी छन्नी पर लगा दें। अब ब्रश से छन्नी को साफ कर लें। अब दोनों छन्नी को बाउल में डालें और उसमें वाइट विनेगर डाल दें। विनेगर और बेकिंग सोडा से सारी गंदगी साफ हो जाएगी।

कड़ाही साफ करने का तरीका

गंदी और जली हुई कड़ाही साफ करने के लिए कड़ाही में 3 ग्लास पानी डालकर गैस पर रख दें। अब इस पानी में दो चम्मच डिटर्जेंट पाउडर, एक चम्मच नमक और एक नींबू का रस डाल दें। अब पानी को 5 मिनट तक उबालें। गैस तेज करके पानी को इतना गर्म करें कि कड़ाही में किनारों पर जमीं गंदगी तक पानी पहुंच जाए। अब पानी को किसी बड़े बर्तन में निकाल लें और उसमें कड़ाही को डुबोकर रख दें। 10-15 मिनट बाद कड़ाही के पीछे लगा कालापन फूल जाएगा। अब 1 चम्मच बेकिंग सोड़ा और डिटर्जेंट पाउडर मिला लें। अब कोई सेंड पेपर या स्क्रबर लेकर अच्छी तरह से रगड़ें। इससे पूरी गंदगी साफ हो जाएगी और कड़ाही चमचमाने लगेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top