अमृतसर,10 मार्च। पंजाब के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए दो तिहाई से अधिक सीटों पर प्रचंड बहुमत से विजय की ओर आगे बढ़ रही है।
आम आदमी पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में चुनाव लड़ रहे भगवंत मान ने भी 45 हजार वोटों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। इधर, विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है।
इधर, आम आदमी पार्टी की आंधी में बड़े-बड़े दिग्गज नेता चुनाव हार गए हैं। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह 13 हजार तो सुखबीर सिंह बादल 12 हजार वोट से चुनाव हार गए हैं। वहीं मौजूदा मुख्यमंत्री चन्नी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को भी हार का मुंह देखना पड़ा है।
जीत के बाद भगवंत मान ने पंजाब की जनता को संबोधित किया और आम आदमी पार्टी को मिले प्रचंड बहुमत के लिए उनका धन्यवाद किया। वे कल पद की शपथ लेंगे। शपथ समारोह राजभवन की जगह शहीदे आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा। शपथ लेने से पहले मान शहीदी स्मारक पर माथा टेकने भी जाएंगे।



