278 Views

अमेरिकी नागरिकों को ठगने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 19 गिरफ्तार

नई दिल्ली,14 जुलाई। साइबर सेल ने दिल्ली के मालवीय नगर में देर रात एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है, जो अमेरिकी नागरिकों को वित्त विभाग का अफसर बनकर ठगी कर रहे थे। दक्षिणी जिले के डीसीपी अतुल ठाकुर ने बताया कि साइबर सेल के इंस्पेक्टर राजीव मालिक के नेतृत्व में टीम ने अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। मौके से कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा 22 कंप्यूटर और 21 मोबाइल फोन जब्त हुए हैं। यह कॉल सेंटर मालवीय नगर के एक घर के बेसमेंट में बहुत ही सुरक्षित और गुप्त तरीके से चलाया जा रहा था।
यह कॉल सेंटर जनवरी 2021 से चलाया जा रहा था। परिसर में कुल 22 कंप्यूटर सिस्टम स्थापित किए गए थे, जिनमें से 15 सिस्टम कॉल करने वालों द्वारा उपयोग किए जा रहे थे। 8 पुरुष और 7 महिलाएं अमेरिका में ग्राहकों को वहां के वित्त मंत्रालय के अधिकारी बनकर ग्रांट देने के बहाने ठगी करते थे। वे क्लाउड सर्वर के माध्यम से विसीडियल का उपयोग करके संयुक्त राज्य अमेरिका में स्थित लोगों से ठगी कर रहे थे, फिर ग्राहकों को ग्रांट देने की बात कहकर ठगी करते थे। ग्रांट देने के लिए अमेरिकी नागरिकों को 100 या 200 यूएस डॉलर का शुल्क चुकाने के लिए कहते थे या फिर उन्होंने ग्राहक को इतनी ही राशि का गूगल पे करने के लिए कहते या कोई गिफ्ट वाउचर लेने के लिए कहते। इनके मोबाइल में वॉट्सऐप ग्रुप मिले जिसमें कई अमेरिकी नागरिकों के नम्बर मिले हैं। औसतन हर रोज अमेरिका के तीन नागरिकों को ठगा जा रहा था। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top