हैदराबाद ,५ मई । नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (आरजीआईए) के परिचालन के संबंध में जीएमआर हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (जीएचआईएएल) के साथ करार को ३० साल के लिए बढ़ा दिया है।
इस निर्णय के बाद कंपनी २०६८ तक इस हवाई अड्डे का परिचालन और रखरखाव करती रहेगी। नए समझौते की अवधि २३ मार्च, २०३८ से २२ मार्च, २०६८ तक की है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि २० दिसंबर, २००४ को हुए समझौते की अवधि में विस्तार किया गया है।
सामरिक रूप से महत्वपूर्ण आरजीआईए ने हैदराबाद शहर को वैश्विक विमानन मानचित्र पर प्रमुखता से उभारा है। यह हवाई अड्डा इस क्षेत्र की समृद्धि, विकास और चौतरफा आर्थिक विकास में योगदान कर रहा है।
आरजीआईए इस समय दक्षिण और मध्य भारत के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है। यह हवाईअड्डा ३१ महीनों में बनकर तैयार हुआ था और इसका उद्घाटन मार्च २००८ में हुआ था।



