बुखारेस्ट : टेनिस में वर्ल्ड रैंकिंग में तीसरे नंबर की महिला खिलाड़ी सिमोना हालेप ने काफ इंजरी की वजह से फ्रेंच ओपन 2021 से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्हें यह चोट इटैलियन ओपन के दौरान लगी थी।
रोमानिया की 29 साल की टेनिस खिलाड़ी सिमोना हालेप साल 2018 में रोला गैरों में चैम्पियन बनी थी। इटैलियन ओपन के दौरान उनकी काफ मसल्स में चोट लगी थी।
सिमोना हालेप फ्रेंच ओपन में 3 बार की फाइनलिस्ट हैं। उन्होंने पेरिस में 2018 के फाइनल में स्लोएन स्टीफंस को हराकर अपना पहला बड़ा सिंगल्स टाइटल जीता था। उन्होंने कहा कि उन्हें चोट से उबरने में अभी वक्त लगेगा। एक ग्रैंड स्लैम से हटना एक एथलीट के तौर पर मेरी सभी सोच और उम्मीद के खिलाफ है लेकिन मेरे लिए यह सही और इकलौता फैसला है। पेरिस में नहीं जाने की सोच से मुझे दुख होता है, लेकिन मैं अपनी एनर्जी को ठीक होने और पॉजिटिव रहने में इस्तेमाल करना चाहती हूं। मैं जब भी सेफ फील करूंगी तो खेल में वापसी की कोशिश करूंगी।
गौरतलब है कि रोमानिया की सिमोना हालेप विम्बलडन की मौजूदा चैम्पियन हैं। उन्होंने 2019 में इस टूर्नामेंट का टाइटल जीता था जबकि कोरोना वायरस महामारी की वजह से साल 2020 में ये टूर्नामेंट रद्द हो गया था। इस साल विम्बल्डन का आयोजन 28 जून से होना है।



