नई दिल्ली ,०९ मई। राजधानी दिल्ली में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगमों का एक्शन लगातार जारी है। चर्चित शाहीन बाग इलाके में आज भारी विरोध के बीच अतिक्रमण हटाने की कवायद शुरू हो गई है। इलाके में भारी संख्या में पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान मौके पर तैनात हैं। स्थानीय विधायक और आम आदमी पार्टी विधायक अमानतुल्ला खान मौके पर पहुंच गए हैं।
एमसीडी को पुलिस से अपनी कार्रवाई के लिए इजाजत मिली है या नहीं, इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। दरअसल बीते कई दिनों से पुलिस का साथ न मिल पाने के कारण एमसीडी बुलडोजर नहीं चला पा रही थी, लेकिन अब शाहीन बाग के एच ब्लॉक में बुलडोजर पहुंच गया है, साथ ही कुछ ट्रक भी पहुंचे हैं। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम, सेंट्रल जोन के चेयरमैन राजपाल सिंह ने कहा कि, हमारे कर्मचारी बुलडोजर और बाकी जरूरी सामान के साथ वहां पहुंच रहे हैं। हमने जो रोडमैप बनाया है, सब उसी हिसाब से चलेगा, हमें पुलिस फोर्स जरूर मिलेगी। दिल्ली के जहांगीरपुरी में बुलडोजर चलने के बाद दिल्ली के अन्य जगहों पर भी बुल्डोजर चलने लगा है। हालंकि इसपर सियासत भी हो रही है।



