टोरंटो, 2 सितंबर। कोरोना के डेल्टा वैरिएंट के प्रसार को देखते हुए ओंटारियो सरकार ने पेड सिक लीव कार्यक्रम को वर्ष के अंत तक चलाने का निर्णय लिया है। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक कर्मचारी को 3 सवैतनिक अवकाश देने का प्रावधान किया गया है। पहले इस कार्यक्रम को 25 सितंबर तक चलाया जाना था लेकिन कोरोना के विस्तार को देखते हुए सरकार ने इसे 3 महीने बढ़ाकर दिसंबर के अंत तक चलाने का निर्णय लिया है।
सरकार ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह के पश्चात यह कार्यक्रम अप्रैल 2021 में लांच किया था। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक नियोक्ता को कोविड-19 के कारण काम पर आने में असमर्थ कर्मचारी को 3 दिन का सवैतनिक अवकाश देना पड़ता है, जिसका मूल्य $200 होता है। सरकार इस रकम को कार्यस्थल सुरक्षा तथा बीमा बोर्ड के माध्यम से नियोक्ताओं को वापस कर देती है।
मंगलवार को एक बयान में श्रम, प्रशिक्षण और कौशल विकास मंत्री मोंटे मैकनॉटन ने कहा कि प्रांत अत्यधिक संक्रामक डेल्टा संस्करण के तेजी से हो रहे प्रसार के कारण कार्यक्रम का विस्तार कर रहा है, जिसे पहली बार भारत में पहचाना गया था।
इससे पहले फोर्ड सरकार को विपक्षी दलों तथा स्वास्थ्य विशेषज्ञों की कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था क्योंकि यह फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं के लिए महामारी के दौरान अनिवार्य सवैतनिक अवकाश प्रदान करने में विफल रही थी।
हालांकि ओंटारियो में 75% से अधिक निवासियों को पूरी तरह से वैक्सीनेटेड किया जा चुका है। इसके बावजूद संक्रमण की दर बढ़ती ही जा रही है। सप्ताह का रोलिंग औसत बढ़कर अब 702 हो गया है।
मैकनॉटन ने कहा,”ओंटारियो में अधिकांश लोगों के टीकाकरण के साथ, हमारा प्रांत पहले की तुलना में बेहतर स्थिति में है। लेकिन हमें सतर्क रहना जारी रखना चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि हम ओंटारियो में सभी के स्वास्थ्य और सुरक्षा की रक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाएं।”



