कोलकाता ,२ मई। स्पाइसजेट के एक यात्री विमान ने बीती शाम पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल में क़ाज़ी नजरूल इस्लाम हवाईअड्डे पर उतरते समय हवा के बीच लडख़ड़ा गया। ओवरहेड केबिन का सामान गिरने से लगभग ४० यात्रियों को मामूली चोटें आईं हैं। फ्लाइट मुंबई से आ रही थी। स्पाइसजेट के अधिकारियों ने लैंडिंग के समय मुंबई-अंडाल उड़ान के लडख़ड़ाने की घटना की पुष्टि की।
अंडाल हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया कि घायल यात्रियों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। इनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का अभी भी इलाज चल रहा है। ये सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि विमान ने शाम करीब पांच बजे मुंबई से उड़ान भरी और उसे लगभग ७:३० बजे अंडाल में क़ाज़ी नजरूल इस्लाम हवाईअड्डे पर उतरना था।
लैंडिंग से पहले, विमान को मध्य हवा में अशांति का सामना करना पड़ा। हालांकि विमान के पायलट ने स्थिति को संभाला और किसी तरह हवाईअड्डे पर उतरे, लेकिन इस दौरान कई यात्री घायल हो गए।



