111 Views

रूस-यूक्रेन युद्ध: परमाणु हथियारों से हमला नहीं करेगी रूसी सेना

कीव,०७ मई। रूस-यूक्रेन युद्ध ७३वें दिन में प्रवेश कर गया है। रूस के सैनिक लगातार यूक्रेनी शहरों पर मिसाइलें दाग रहे हैं। हाल ही में रूस ने न्यूक्लियर मिसाइलें दागने का अभ्यास किया। जिससे यूक्रेन में परमाणु हमले को लेकर आशंकाएं जताई जाने लगीं थीं। इसी बीच अब रूस ने एक बयान में कहा है कि उसकी सेना यूक्रेन पर परमाणु हथियारों से हमले नहीं करेगी।

रूसी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एलेक्सी जैतसेव ने कहा कि रूसी सेना युद्ध के दौरान यूक्रेन में टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन का इस्तेमाल नहीं करेगी। इधर, ८ मई को जी७ नेता यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जे़लेंस्की के साथ वर्चुअल मीटिंग करेंगे।

 

पुतिन की गर्लफ्रेंड पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में यूरोपीयन यूनियन

रूस पर दबाव बनाने की रणनीति के तहत पश्चिमी देशों ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के नज़दीकी लोगों पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। इसी क्रम में यूरोपियन यूनियन पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड अलीना काबेवा और रूसी ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख पैट्रिआर्क किरिल पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। आपको बता दें कि किरिल ने यूक्रेन में युद्ध के लिए पुतिन को जीत का आशीर्वाद दिया था।

 

जॉर्ज बुश ने जे़लेंस्की को बताया आज का चर्चिल

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से वर्चुअली मुलाक़ात की। इसके पश्चात् बुश ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में जे़लेंस्की की तारीफ़ करते हुए उन्हें आज का विंस्टन चर्चिल बताया है। बुश ने लिखा- जे़लेंस्की की लीडरशिप और आज़ादी के लिए उनकी प्रतिबद्धता तारीफ़ के काबिल है।

 

यूक्रेनी शरणार्थियों के साथ मदर्स डे मनाएंगी अमेरिका की प्रथम महिला

अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी जिल बाइडेन ८ मई को स्लोवाकिया में यूक्रेनी शरणार्थियों के साथ मदर्स डे मनाएंगी। जिल रोमानिया और स्लोवाकिया की चार दिन की यात्रा पर रवाना हुई हैं। दूसरी तरफ मारियुपोल के स्टील प्लांट में फंसे लोगों को निकालने का सिलसिला फिर शुरू कर दिया गया है।

 

रूसी जहाज को डुबोने में हाथ होने से पेंटागन का इनकार

अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने रूस के जंगी जहाज को डुबोने में यूक्रेन की मदद करने से इनकार किया है। आपको बता दें कि अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स ने दावा किया था कि रूस के सबसे बड़े जंगी जहाज मस्क्वा को डुबाने में अमेरिका ने यूक्रेन की मदद की थी। हालांकि, पेंटागन ने इस बयान को खारिज करते हुए कहा- हमने मस्क्वा को टारगेट बनाने से जुड़ी कोई भी जानकारी यूक्रेन को नहीं दी। जहाज को लेकर यूक्रेन का दावा था कि उसके मिसाइल अटैक से मस्क्वा डूबा है, जबकि रूस का कहना है कि ऐसा आग लगने से हुआ है न कि यूक्रेन के अटैक से।

 

यूक्रेन युद्ध में अब तक २२३ बच्चों की मौत

इधर, यूक्रेन ने दावा किया है कि युद्ध की शुरूआत से अब तक २२३ बच्चों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। इस दौरान ४०० से अधिक बच्चे घायल हुए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक १३९ बच्चों की मौत डोनेट्स्क क्षेत्र में हुई। कीव में ११६, खार्किव में ९५ और खेरसॉन में ४६ बच्चों की मौत हुई है। वहीं जानकारी के मुताबिक, यूक्रेन में ६,७३१ नागरिक हताहत हुए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top