मास्को। तू डाल डाल, मैं पात पात वाली कहावत रूस ने साबित कर दी। अमेरिका की कार्रवाई के जवाब में ठीक उसी तरह की कार्रवाई रूस ने भी कर दी है। रूस ने अमेरिकी राजनयिकों को बाहर निकालने और अन्य जवाबी कदम उठाने की बात कही है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि मास्को आठ अमेरिकी अधिकारियों को प्रतिबंधित सूची में डालेगा। साथ ही रूस ने अमेरिका के कुछ गैर सरकारी संगठनों की गतिविधियों पर भी रोक लगाई है, जो रूस की राजनीति में हस्तक्षेप कर रहे थे। लावरोव ने कहा कि अमेरिकी राजदूत जॉन सुलिवन को घर लौटने को कहा गया है। अमेरिकी दूतावास को सपोर्ट स्टाफ के रूप में रूस या किसी अन्य देश के लोगों को नियुक्त करने की अनुमति भी नहीं दी जाएगी। राष्ट्रपति जो बाइडन की अगुआई में अमेरिका ने रूस पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिका ने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में हस्तक्षेप और सोलर विंड हैक मामले में रूस की भूमिका मानते हुए प्रतिबंधों का एलान किया है। इसके जवाब में रूस भी कार्रवाई कर रहा है। लावरोव ने कहा कि रूस अपने यहां अमेरिकी कंपनियों के हितों के खिलाफ बहुत से कदम उठा सकता है, लेकिन अभी ऐसा नहीं करेगा। रूस ने अमेरिका के आरोपों को भी खारिज किया है।
117 Views