मुंबई ,२६ मई । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र के एक और मंत्री पर शिकंजा कसा है, जहां गुरुवार सुबह परिवहन मंत्री और शिवसेना नेता अनिल परब के ठिकानों पर छापे मारे गए। ईडी की ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े केस में हुई है। वहीं कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी को क्या-क्या चीजें मिलीं, इसके बारे में अभी आधिकारिक रूप से कुछ पता नहीं चल पाया है।जानकारी के मुताबिक ईडी द्वारा रत्नागिरी जिले के तटीय दापोली क्षेत्र में एक भूमि सौदे में कथित अनियमितता और अन्य आरोपों के सिलसिले में छापेमारी की जा रही है। हाल ही में एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की आपराधिक धाराओं के तहत एक नया मामला दर्ज किया था, उसी के सबूत जुटाने के लिए ये छापेमारी हो रही। हालांकि शिवसेना ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है।



