टोरंटो,२१ जून। सोमवार देर रात ब्रैम्पटन के एक कमर्शियल प्लाजा में गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।
पील रीजनल पुलिस का कहना है कि उन्हें रात ११ बजकर १२ मिनट पर सैंडलवुड पार्कवे वेस्ट और चिंगुआकौसी रोड पर फायरिंग की सूचना देकर बुलाया गया था।
पुलिस टीम के घटनास्थल पर पहुंचने पर वहां एक व्यक्ति घायल मिला जिसे गोली लगी थी। उसे तत्काल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई जाती है।
एक चश्मदीद ने बताया कि उसने घटनास्थल से एक नारंगी रंग के डॉज राम १५०० पिकअप ट्रक को जाते हुए देखा था। पुलिस ने डेयरी क्वीन के पास प्लाज़ा की पार्किंग के एक हिस्से को टेप किया है।
घायल के विषय में कोई विवरण जारी नहीं किया गया है। अभी तक हमलावर के विषय में भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।



