रायबरेली ,३ मई । सोमवार को सुदौली चौराहे के पास निगोंहा-भंवरेश्वर मार्ग पर मंदिर दर्शन करने जा रहे देवर -भाभी को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
लखनऊ के गोसाईगंज थाने के अमेठी अर्जुनगंज गांव के रहने वाले रामनरेश पुत्र राम दुलारे (५० वर्ष) अपनी भाभी कुसमा देवी (४५ वर्ष) पत्नी राम सागर के साथ मोटरसाइकिल से भवंरेश्वर मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। यह दोनों जैसे ही सुदौली चौराहे के करीब पहुंचे निगोंहा की ओर सीमेंट लादकर जा रहे अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक यूपी ४२ टी ८०४५ ने उन्हें रौंद दिया जिससे दोनों देवर-भाभी ट्रक के नीचे दब गए। इस हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे को देख ग्रामीण व पुलिस ट्रक के पास पहुंचे और ट्रक के नीचे दबे दोनों शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकलवाया। इस दौरान मौका पाकर ट्रक चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।



